कबीर बस्ती में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद
दिल्ली पुलिस ने कबीर बस्ती में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की और एक अपराधी को गिरफ्तार किया है।

राजधानी में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर सख्त शिकंजा कसा है। उत्तर जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने कबीर बस्ती इलाके में एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अवैध शराब की एक बड़ी खेप को जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो इस तस्करी में शामिल था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध गाड़ी में शराब की डिलीवरी होने वाली है। जब टीम ने कबीर बस्ती में जाल बिछाकर चेकिंग की, तो उन्हें हरियाणा नंबर की एक वैगनआर गाड़ी मिली। हैरानी की बात यह थी कि गाड़ी हरियाणा में रजिस्टर्ड थी, लेकिन उस पर उत्तर प्रदेश की कमर्शियल नंबर प्लेट लगी हुई थी, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
हजारों की संख्या में शराब की क्वार्टर जब्त
जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसके अंदर से अवैध शराब के 53 कार्टन बरामद हुए। इन कार्टनों में कुल 2,650 क्वार्टर शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब और गाड़ी दोनों को जब्त कर लिया है।
पकड़े गए आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार व्यक्ति पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और इसे शहर के किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
बता दें कि दिल्ली एक्साइज एक्ट, 2009 के तहत अवैध शराब का परिवहन और कब्जा रखना एक गंभीर अपराध है, जिसमें भारी जुर्माना और जेल की सजा का प्रावधान है। इस सफल ऑपरेशन की जानकारी दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर तक पहुंचाई गई है।