दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: राजस्थान में जाली नोट बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

राजधानी की पुलिस ने जाली नोटों के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। दिल्ली पुलिस जाली नोट बरामद करने के मकसद से राजस्थान के चूरू जिले में पहुंची और वहां एक गुप्त ठिकाने पर छापेमारी कर नकली नोट बनाने के पूरे सेटअप को ध्वस्त कर दिया। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान नरेंद्र के रूप में हुई है।
हैरानी की बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी नरेंद्र आने वाले स्थानीय सरपंच चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने यह कार्रवाई 4 अक्टूबर 2026 को तड़नगर पुलिस के साथ मिलकर गोडास गांव में की। इस छापेमारी में पुलिस को बड़ी मात्रा में सबूत मिले हैं, जिनमें एक तरफ छपे हुए नकली नोटों की शीट, एक कलर प्रिंटर, लैपटॉप और जाली नोट छापने के लिए इस्तेमाल होने वाली खास स्याही शामिल है।
दिल्ली से जुड़े थे तार
जांच में पता चला है कि इस पूरे मामले की कड़ी दिल्ली से जुड़ी हुई थी। दरअसल, दिल्ली में पहले जाली नोटों की कुछ बरामदगी हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने सुराग जुटाना शुरू किया। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम राजस्थान के गोडास गांव तक पहुंची और इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया।
पुलिस अब आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत दिल्ली लाने की तैयारी कर रही है, ताकि उससे गहन पूछताछ की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और ये नकली नोट कहां सप्लाई किए जा रहे थे।