दिल्ली में कल जुटेंगे 7,000 प्रदर्शनकारी, पुलिस ने तैयार किए 6 बड़े डिटेंशन सेंटर

राजधानी दिल्ली में कल यानी 10 अक्टूबर को होने वाले एक बड़े विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को उम्मीद है कि कल करीब 7,000 प्रदर्शनकारी दिल्ली पहुंच सकते हैं। किसी भी तरह की अनधिकृत भीड़ को रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रखने के लिए 6 बड़े डिटेंशन सेंटर तैयार किए हैं।
यह पूरा मामला कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा आयोजित प्रदर्शन से जुड़ा है। यह पार्टी मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है और मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन (SIR) का विरोध कर रही है।
पुलिस कमिश्नर ने दिए संयम बरतने के निर्देश
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने सभी कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदर्शनकारियों के साथ व्यवहार करते समय पूरी तरह संयम और पेशेवर रवैया अपनाएं। कमिश्नर ने कहा कि पुलिस बल को किसी भी उकसावे वाली हरकत पर प्रतिक्रिया नहीं देनी है। उन्होंने पिछले प्रदर्शनों से मिले अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार आया है और इस बार भी उसी स्तर की गंभीरता और अनुशासन बनाए रखना होगा।
पुलिस अधिकारियों ने यह साफ कर दिया है कि बिना अनुमति के किसी भी तरह के जमावड़े की इजाजत नहीं दी जाएगी। निर्देश दिए गए हैं कि जैसे ही प्रदर्शनकारी पहुंचें, उन्हें हिरासत में लेकर निर्धारित डिटेंशन सेंटरों में भेजा जाए। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर खुद को 'इंडिपेंडेंट' बताने वाले उन लोगों पर भी नजर रखी जाएगी जो उकसावे वाली गतिविधियां करते हैं या पुलिस कर्मियों को भड़काने की कोशिश करते हैं; ऐसे लोगों को भी प्रदर्शनकारियों की तरह हिरासत में लिया जा सकता है।
जहां तक रामलीला मैदान में प्रदर्शन की बात है, दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इसके लिए कोई औपचारिक अनुमति नहीं मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद ही इस पर कोई फैसला लिया जाएगा। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहेंगे जो स्थिति के अनुसार तुरंत निर्णय लेंगे।