बेटे को लेकर विदेश भागी रूसी महिला, दिल्ली पुलिस ने मांगा प्रत्यर्पण
दिल्ली पुलिस ने रूसी महिला विक्टोरिया बासु के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है, जो अपने बेटे को लेकर विदेश भाग गई थी।

दिल्ली पुलिस ने एक रूसी नागरिक विक्टोरिया बासु के खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) हासिल कर लिया है। यह कार्रवाई उस मामले में की गई है जहां विक्टोरिया जुलाई 2025 में अपने नाबालिग बेटे को लेकर भारत से फरार हो गई थी। अब पुलिस उसे वापस भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। इसके लिए गृह मंत्रालय के माध्यम से विदेश मंत्रालय और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास को औपचारिक अनुरोध भेजा गया है।
यह पूरा विवाद बच्चे की कस्टडी को लेकर है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने मई 2025 में एक आदेश जारी कर बच्चे की साझा कस्टडी तय की थी, जिसके तहत हफ्ते के तीन दिन बच्चा मां के पास और चार दिन पिता सैकत बासु के पास रहने वाला था। लेकिन आरोप है कि विक्टोरिया बासु ने अदालत के इस आदेश की धज्जियां उड़ाईं और बच्चे को लेकर देश छोड़कर चली गई।
जांच का दायरा और पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने पहले दिल्ली पुलिस की लापरवाही पर नाराजगी जताई थी। अब इस केस में तेजी लाते हुए डिफेंस कॉलोनी पुलिस स्टेशन ने साकेत कोर्ट की न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपकशी राणा को 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' सौंपी है। पुलिस अब इस मामले में नताशा नाम की एक सहयोगी की भूमिका की जांच कर रही है और इस सिलसिले में यश राज फिल्म्स से कुछ रिकॉर्ड्स की मांग की गई है।
इतना ही नहीं, विक्टोरिया बासु और उसकी मां ओल्गा झिगालिना के खिलाफ एक और शिकायत की जांच चल रही है। आरोप है कि 13 मार्च 2023 को उन्होंने बच्चे को लावारिस छोड़ दिया था, जिससे उसकी सेहत को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। बता दें कि विक्टोरिया 2019 से भारत में रह रही थी और वह X-1 वीजा पर यहां प्रवास कर रही थी, जिसे समय-समय पर अदालत की निगरानी में बढ़ाया जाता था।