नाबालिग बेटे को लेकर रूस भागी महिला के खिलाफ दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रत्यर्पण की मांग
दिल्ली पुलिस ने अपने नाबालिग बेटे को लेकर रूस भागी महिला विक्टोरिया बासु के प्रत्यर्पण की मांग की है, इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी।

दिल्ली पुलिस ने एक रूसी नागरिक विक्टोरिया बासु के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस ने विदेश मंत्रालय और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से उसकी प्रत्यर्पण (Extradition) की मांग की है। यह पूरा मामला एक भारतीय व्यक्ति और रूसी महिला के बीच पारिवारिक विवाद और बच्चे की कस्टडी से जुड़ा है, जिसने अब अंतरराष्ट्रीय मोड़ ले लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने विक्टोरिया बासु के खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी करवाया है। पुलिस ने साकेत कोर्ट में दाखिल अपनी स्टेटस रिपोर्ट में बताया कि आरोपी महिला की तलाश और उसे वापस लाने के लिए गृह मंत्रालय (MHA) को औपचारिक अनुरोध भेजा गया है, ताकि विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास इसके जरिए कार्रवाई कर सकें।
शादी के कुछ साल बाद घर छोड़कर भागी महिला
यह विवाद साल 2017 में शुरू हुआ जब साईकात बासु ने विक्टोरिया बासु से शादी की थी। दोनों का एक बेटा है, जिसका जन्म 29 अक्टूबर 2020 को हुआ था। साईकात बासु के मुताबिक, 13 मार्च 2023 को विक्टोरिया अपनी मां के साथ बिना किसी सूचना के घर छोड़कर चली गई और बच्चे को भी साथ ले गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद महिला ने बच्चे की एक्सक्लूसिव कस्टडी के लिए याचिका दायर की। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से जॉइंट कस्टडी का आदेश मिलने के बावजूद वह पिछले साल बच्चे को लेकर देश छोड़कर रूस चली गई। इस मामले में डिफेंस कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।
फिलहाल यह मामला साकेत जिला अदालत में लंबित है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) दीपकक्षी राणा की अदालत में पुलिस ने अपनी एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) पेश की है। पुलिस अब शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए दस्तावेजों का विश्लेषण कर रही है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई को पुख्ता किया जा सके।