IITF 2026: दिल्ली पुलिस ने 16 हजार लोगों को सिखाए सड़क सुरक्षा के गुर
भारत मंडपम में आयोजित IITF 2026 में दिल्ली पुलिस ने रोड सेफ्टी कैंपेन चलाया, जिसमें 16,000 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

भारत मंडपम में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF 2026) में इस बार सिर्फ व्यापार और प्रदर्शनी का ही बोलबाला नहीं रहा, बल्कि दिल्ली पुलिस रोड सेफ्टी कैंपेन के जरिए लोगों को सुरक्षित सफर का पाठ भी पढ़ाया गया। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने खास पवेलियन में एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया, जिसका मकसद लोगों को यातायात नियमों के प्रति सचेत करना और सड़क हादसों को कम करना था।
पुलिस विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, इस आयोजन के दौरान लगभग 16,000 लोगों ने ट्रैफिक नियमों और रोड सेफ्टी प्रोटोकॉल की बारीकियों को समझा। पुलिस अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि सड़क पर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का सामूहिक कर्तव्य है।
बच्चों के लिए गेम्स और इंटरैक्टिव एक्टिविटीज
इस कैंपेन की सबसे खास बात यह रही कि इसे केवल बोरिंग लेक्चर तक सीमित नहीं रखा गया। बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष रूप से इंटरैक्टिव गेम्स और मनोरंजन गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों ने खेल-खेल में यह सीखा कि सड़क पर किन संकेतों का पालन करना चाहिए और सुरक्षा के लिए क्या जरूरी है।
इस पूरी पहल को सफल बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के उपराज्यपाल कार्यालय और ITPO के प्रति आभार व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर भी इस अभियान को काफी सराहा गया, जहां #RoadSafety और #DPUpdates जैसे हैशटैग के साथ लोगों को जागरूक किया गया।