महिलाओं की सुरक्षा के लिए शालीमार बाग में दिल्ली पुलिस की पिंक फुट पेट्रोलिंग शुरू
महिलाओं की सुरक्षा के लिए शालीमार बाग इलाके में दिल्ली पुलिस ने पिंक फुट पेट्रोलिंग शुरू की है। जानें कैसे यह पहल महिलाओं को सुरक्षित रखेगी।

राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को और अधिक पुख्ता करने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक नई और प्रभावी पहल की है। उत्तर-पश्चिम जिले के शालीमार बाग थाना क्षेत्र में अब दिल्ली पुलिस पिंक फुट पेट्रोलिंग की शुरुआत की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना है, बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच भरोसे और विश्वास के रिश्ते को और मजबूत करना है।
इस विशेष प्रोग्राम के तहत महिला पुलिसकर्मी अब इलाके के पार्कों, सार्वजनिक स्थानों और उन संवेदनशील जगहों पर पैदल गश्त करेंगी, जहां महिलाओं की मौजूदगी अधिक रहती है। गश्त के दौरान महिला पुलिसकर्मी सीधे तौर पर महिलाओं से बातचीत कर रही हैं, ताकि उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को समझा जा सके और उनका तुरंत समाधान किया जा सके।
जागरूकता और सहायता पर जोर
पिंक फुट पेट्रोलिंग के जरिए पुलिस केवल गश्त ही नहीं कर रही, बल्कि महिलाओं को सतर्क रहने के तरीके भी बता रही है। पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं को पुलिस सहायता के विभिन्न संसाधनों की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे घबराएं नहीं और सही समय पर मदद ले सकें।
डीसीपी (उत्तर-पश्चिम) ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस जानकारी को साझा करते हुए स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संकट के समय बिना देर किए 112 नंबर पर डायल करें, ताकि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद कर सके।