जंतर मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस का 'ओपन लेटर', लिखा- वर्दी से ऊपर हम सब इंसान हैं

राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर होने वाले प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से ठीक पहले दिल्ली पुलिस ने एक अनोखा और भावुक कदम उठाया है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सभी नागरिकों के नाम एक 'ओपन लेटर' (खुला पत्र) साझा किया है। इस संदेश के जरिए पुलिस ने यह याद दिलाने की कोशिश की है कि वर्दी, अलग-अलग राय और आपसी मतभेदों से ऊपर मानवता सबसे बड़ी है। पुलिस ने लिखा कि चाहे कोई भी राय हो या असहमति, सबसे पहले हम सब इंसान हैं।
यह संदेश ऐसे समय में आया है जब मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से जवाबदेही मांगने के लिए जंतर मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। इस विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, जबकि प्रदर्शनकारियों और राजनीतिक दलों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
केजरीवाल की अपील और पुलिस की पाबंदी
इस पूरे विवाद में आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी एंट्री मारी है। केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बड़े पैमाने पर वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग भाजपा को वोट नहीं देते, उनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं और फर्जी वोट जोड़े जा रहे हैं। केजरीवाल ने इस प्रदर्शन को किसी व्यक्ति या पार्टी की लड़ाई न बताकर देश की लड़ाई बताया और लोगों से भारी संख्या में जंतर मंतर पहुंचने की अपील की। उन्होंने यह भी साफ किया कि वह खुद अपने परिवार के साथ इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।
दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन के लिए दी गई अनुमति की अर्जी को खारिज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन बहुत कम समय पहले दिया गया था और पिछले प्रदर्शनों के दौरान निर्देशों का पालन नहीं किया गया था, साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए अनुमति नहीं दी जा सकती।
वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने साफ कर दिया है कि अनुमति मिले या न मिले, प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने पुलिस द्वारा मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन पर लगाई गई पाबंदियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार युवाओं से डर रही है और आम जनता को परेशान किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे हिरासत में लिए जाने या गिरफ्तारी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।