रामलीला मैदान में रैली के लिए दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को दी NOC, 25 अक्टूबर से होगी तैयारी

दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के लिए जंतर मंतर को डी-नोटिफाई किए जाने के बाद अब कांग्रेस पार्टी ने अपनी रणनीति बदली है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया है। इस रैली के जरिए कांग्रेस अपनी मांगों को मजबूती से उठाने की तैयारी में है।
सेंट्रल डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने सबसे पहले एमसीडी (MCD) से मैदान की उपलब्धता के बारे में पूछा था। एमसीडी ने पुष्टि की कि रामलीला मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक खाली है। इसके बाद कांग्रेस ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य जरूरी पहलुओं पर चर्चा करने के बाद उन्हें एनओसी दे दी है। अब कांग्रेस इस सर्टिफिकेट को एमसीडी के पास जमा कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी।
जंतर मंतर की जगह अब इन तीन मैदानों में होंगे प्रदर्शन
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर को विरोध प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थल की सूची से हटा दिया है। अब राजधानी में प्रदर्शनों के लिए तीन वैकल्पिक स्थान तय किए गए हैं, जिनमें रामलीला ग्राउंड, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी (CBD) ग्राउंड शामिल हैं।
कांग्रेस की यह प्रस्तावित रैली ऐसे समय में हो रही है जब चुनावी रोल के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विवाद गहरा गया है। इंडिया गठबंधन और कई कार्यकर्ता इस प्रक्रिया को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा काफी कड़ी रही है और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया है।
डीसीपी सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी अन्य संगठन या व्यक्ति जो मैदान बुक करना चाहता है, वह इसी प्रक्रिया का पालन कर आवेदन कर सकता है।