मंगोलपुरी के सर्वोदय विद्यालय में दिल्ली पुलिस का 'निर्भिक प्रोग्राम', छात्राओं को सिखाए सुरक्षा गुर
दिल्ली पुलिस ने मंगोलपुरी के सर्वोदय विद्यालय में 'निर्भिक प्रोग्राम' आयोजित कर छात्राओं को आत्मरक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

राजधानी में छात्राओं की सुरक्षा और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक खास पहल की है। बाहरी जिला पुलिस ने अपने कम्युनिटी पुलिसिंग सेल और मंगोलपुरी पुलिस स्टेशन के सहयोग से सर्वोदय विद्यालय, K-2, मंगोलपुरी में निर्भिक प्रोग्राम दिल्ली पुलिस का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाना था।
इस आयोजन में स्कूल की करीब 120 छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि वे अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा का ध्यान कैसे रखें और किसी भी मुश्किल परिस्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से कैसे काम लें। छात्राओं को सतर्क रहने के तरीके सिखाए गए ताकि वे अपनी सुरक्षा खुद सुनिश्चित कर सकें और समाज में निडर होकर आगे बढ़ सकें।
आत्मविश्वास और सुरक्षा पर जोर
पुलिस विभाग का मानना है कि अगर बच्चों को सही समय पर सही जानकारी और ट्रेनिंग मिले, तो वे न केवल सुरक्षित रहते हैं बल्कि उनमें गजब का आत्मविश्वास भी पैदा होता है। इस प्रोग्राम के जरिए छात्राओं को यह समझाया गया कि अपनी सुरक्षा के लिए जागरूक रहना क्यों जरूरी है और आपातकालीन स्थिति में पुलिस की मदद कैसे ली जाए। छात्राओं ने इस सत्र में गहरी रुचि दिखाई और सुरक्षा से जुड़े अपने सवालों के जवाब भी जाने।