ड्रग-फ्री दिल्ली के लिए पुलिस की अपील, MANAS हेल्पलाइन पर दें संदिग्धों की जानकारी
दिल्ली पुलिस ने राजधानी को नशामुक्त बनाने के लिए जनता से मदद मांगी है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना MANAS हेल्पलाइन 1933 पर दें।

राजधानी दिल्ली को नशे के जाल से पूरी तरह मुक्त करने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से आम नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को नशामुक्त बनाने में प्रशासन का साथ दें। पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या ड्रग्स से जुड़ी अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तुरंत इसकी सूचना दें।
पुलिस ने इसके लिए MANAS (मधक पदार्थ निषेध सूचना केंद्र) हेल्पलाइन नंबर 1933 जारी किया है। इसके अलावा, लोग एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डायरेक्ट मैसेज भेजकर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन का मानना है कि जनता की सक्रिय भागीदारी के बिना नशे के खिलाफ इस जंग को जीतना मुश्किल है।
नशामुक्त भारत अभियान और सरकारी पहल
यह पूरी मुहिम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'ड्रग-फ्री इंडिया' विजन और 'जन आंदोलन' के आह्वान का हिस्सा है। गौरतलब है कि MANAS हेल्पलाइन की शुरुआत 18 जुलाई 2024 को गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा की गई थी, ताकि अवैध ड्रग्स की तस्करी और बिक्री की गोपनीय रिपोर्टिंग की जा सके।
दिल्ली के उपराज्यपाल ने भी 2027 तक दिल्ली को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है। इस मिशन को सफल बनाने के लिए क्राइम ब्रांच के तहत काम करने वाली एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) पूरी सक्रियता से जुटी है। पुलिस केवल अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के समन्वय से नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए काउंसलिंग और रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।