लाल कुआं में रैश ड्राइविंग: गाड़ी छोड़कर फरार हुआ ड्राइवर, पुलिस ने वाहन किया जब्त

राजधानी दिल्ली के लाल कुआं और हमदर्द इलाके में एक तेज रफ्तार गाड़ी ने दहशत फैला दी। 4 और 5 अक्टूबर की दरमियानी रात को लापरवाही से गाड़ी चलाने की शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है। चश्मदीदों के मुताबिक, ड्राइवर ने अचानक गाड़ी रोकी और मौका पाकर वहां से रफूचक्कर हो गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी का पीछा किया और उसे बरामद कर हौज काजी थाने में खड़ा कर दिया है। गवाहों के बयानों और सबूतों के आधार पर पुलिस अब फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घायलों की तलाश में जुटी पुलिस
राहत की बात यह है कि अब तक किसी व्यक्ति के घायल होने या गाड़ी की चपेट में आने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। हालांकि, पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। आसपास के थानों, इलाकों और अस्पतालों से संपर्क किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस रैश ड्राइविंग की वजह से कोई चोटिल तो नहीं हुआ। अगर कोई शिकायत सामने आती है, तो पुलिस मामले में और सख्त कार्रवाई करेगी।
वहीं, एक अलग घटना में पश्चिम दिल्ली के कीर्ति नगर स्थित आर्य समाज मंदिर के पास एक एसयूवी ने बुजुर्ग दंपत्ति को टक्कर मार दी। इस हादसे में 71 वर्षीय कुसुम टागरा और उनके पति 79 वर्षीय दयानंद टागरा घायल हो गए, जिनका इलाज कलरा अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी ड्राइवर नवलीन कौर (49) को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया है।