MD बनकर ठगे 50 लाख, दिल्ली पुलिस ने जालसाजों को दबोचकर पूरी रकम कराई वापस
दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने MD बनकर की गई 50 लाख की धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया और पूरी रकम बरामद कर ली।

आजकल साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां एक कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) बनकर एक फाइनेंस मैनेजर से 50 लाख रुपये ठग लिए गए। हालांकि, दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट ने इस हाई-प्रोफाइल मामले को सुलझाते हुए न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि ठगी की पूरी रकम भी बरामद कर ली है। दिल्ली पुलिस साइबर धोखाधड़ी के इस मामले में पुलिस की मुस्तैदी से पीड़ित को उसके पैसे वापस मिल गए हैं।
यह पूरी घटना 'लक्स ओपेरा होटल्स एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' से जुड़ी है। ठग ने बड़ी चालाकी से कंपनी के फाइनेंस मैनेजर को अपना निशाना बनाया। जालसाज ने व्हाट्सएप पर खुद को कंपनी का एमडी बताया और एमडी की ही फोटो और नाम का इस्तेमाल किया। उसने अपना नंबर मैनेजर के फोन में "MD SIR" के नाम से सेव करवाया ताकि कोई शक न हो। इसके बाद, जरूरी कॉर्पोरेट बिजनेस का हवाला देकर उसने मैनेजर को दबाव में लिया, जिसके चलते 16 अक्टूबर 2026 को पीड़ित ने 50 लाख रुपये "मैसर्स न्यू स्टार सोफा मेकर" नाम के एक बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।
लालच और चालाकी का खेल: कैसे खुला राज
ठग की हिम्मत इतनी बढ़ी कि उसने 21 अक्टूबर 2026 को दोबारा संपर्क किया और 48 लाख रुपये की और मांग की। लेकिन इस बार मैनेजर सतर्क रहा और उसने सीधे असली मैनेजिंग डायरेक्टर से संपर्क कर इस अनुरोध की पुष्टि की। जैसे ही सच्चाई सामने आई, पीड़ित ने तुरंत स्पेशल सेल (IFSO) थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जब तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच की, तो सुराग महाराष्ट्र के ठाणे की ओर इशारा कर रहे थे। वहां छापेमारी कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान 25 वर्षीय अंकेश यादव और 30 वर्षीय समीर शेख के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि जिस खाते का इस्तेमाल ठगी के लिए किया गया था, वह समीर शेख की कारपेंट्री शॉप के कर्मचारी रज्जाब अली के नाम पर खुला था।
डीसीपी (IFSO) गौरव त्यागी ने पुष्टि की कि कोर्ट के आदेश के बाद ठगी की पूरी 50 लाख रुपये की राशि शिकायतकर्ता को वापस दिलाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।