सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग की साजिश नाकाम, रशीद केबलवाला गैंग के 3 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग की साजिश नाकाम करते हुए रशीद केबलवाला गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

Kittu Kumari20 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग की साजिश नाकाम, रशीद केबलवाला गैंग के 3 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने राजधानी के हजरत निजामुद्दीन इलाके में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाने की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में रशीद केबलवाला गैंग से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पकड़े गए आरोपी गाजियाबाद के लोनी से दिल्ली आए थे और उनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं।

दक्षिण पूर्व जिले के डीसीपी विनीत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को 19 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे एक गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर हजरत निजामुद्दीन थाने की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने निजामुद्दीन बस्ती की 'शोले वाली गली' के पास घेराबंदी की और दो संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान गाजियाबाद के लोनी निवासी साहिल त्रिशी और साद मलिक के रूप में हुई।

हथियार बरामद और धमकी का कनेक्शन

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पुलिस ने इन आरोपियों के पास से पांच सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, 11 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में यह बात सामने आई कि आरोपियों को एक सहयोगी के जरिए रशीद केबलवाला गैंग से जोड़ा गया था। गैंग के सदस्यों से उनकी बातचीत सोशल मीडिया और एक एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए होती थी।

डीसीपी ने बताया कि आरोपियों को निजामुद्दीन इलाके में रहने वाले एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर फायरिंग करने का काम सौंपा गया था। गैंग ने ही उनके लिए हथियारों और पैसों का इंतजाम किया था। आरोपियों ने दिल्ली आकर एक गेस्ट हाउस में शरण ली थी। उनके मोबाइल फोन की जांच करने पर कुछ ऐसे वीडियो मिले हैं, जिनमें वे इन्फ्लुएंसर को धमकी दे रहे हैं और रशीद केबल चैनल का प्रचार कर रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, जिस इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाया जाना था, उसे करीब दस दिन पहले रशीद केबलवाला की ओर से धमकी भरे फोन आए थे, जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर जबरन वसूली (extortion) का एक अलग मामला भी दर्ज किया गया था। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और साजिश के पीछे की पूरी कड़ी को खंगाल रही है।

Share:

Comments

Leave a comment