कनॉट प्लेस में कश्मीरी युवक की पिटाई, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR

देश की राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में उस वक्त हंगामा मच गया जब एक कश्मीरी युवक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अपने साथ मारपीट का आरोप लगाया। यह घटना उस समय हुई जब कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थी। पीड़ित युवक की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, यह युवक खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रशंसक बताता है। उसका आरोप है कि जब वह कनॉट प्लेस में मौजूद था, तब प्रदर्शनकारियों ने उसे घेर लिया और उसके साथ बदसलूकी की। वहीं, प्रदर्शनकारियों का दावा था कि वह युवक लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा था।
युवक ने ईवीएम और लोकतंत्र पर उठाए सवाल
मारपीट का शिकार हुए युवक ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उसने किसी को गाली नहीं दी, बल्कि एक वाजिब सवाल पूछा था। उसने कहा, "मैंने सिर्फ यह सवाल उठाया कि जब विपक्ष जीतता है, तब ईवीएम में कोई समस्या नहीं होती? ईवीएम को 1998 में राजीव गांधी लाए थे।" युवक ने आगे कहा कि वह इस देश का नागरिक है और वह नहीं चाहता कि भारत की स्थिति नेपाल जैसी हो जाए।
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने 10 अक्टूबर को प्रस्तावित 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन के खिलाफ चेतावनी जारी की है। डीसीपी सृष्टि पांडे ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजधानी में धारा 163 लागू है, जिसके तहत जंतर-मंतर या किसी भी अन्य स्थान पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी भी तरह का अवैध जमावड़ा होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।