'गलत इरादे से फैलाया जा रहा झूठ', दिल्ली पुलिस ने फर्जी वीडियो पर दी सफाई

Kittu Kumari11 October 20262 min read0 viewsDelhi Local
'गलत इरादे से फैलाया जा रहा झूठ', दिल्ली पुलिस ने फर्जी वीडियो पर दी सफाई

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति खुद को दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बता रहा है। दावा किया गया है कि उसने विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस फर्जी वीडियो के इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण बताया है।

पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने रिकॉर्ड की गहन जांच की है, लेकिन ऐसा कोई सब-इंस्पेक्टर नहीं मिला है जैसा कि वीडियो में दावा किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह वीडियो पहले भी 24 जुलाई 2026 को वायरल हुआ था, तब भी विभाग ने इस पर सफाई दी थी। अब इसे दोबारा गलत इरादे से फैलाया जा रहा है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की भ्रामक सामग्री बनाने और शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंसा और पथराव पर पुलिस की कार्रवाई

भ्रामक वीडियो के अलावा, दिल्ली पुलिस ने एक अन्य मामले में त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो का संज्ञान लिया, जिसमें चार लोग एक प्रदर्शनकारी के साथ मारपीट करते दिख रहे थे। कमला मार्केट पुलिस स्टेशन ने मामले की जांच कर चारों आरोपियों की पहचान कर ली है और उन्हें ट्रेस कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हिंसा की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं, शनिवार को कनॉट प्लेस इलाके में प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए पथराव की घटना भी सामने आई। बाबा खड़क सिंह मार्ग के पास जब सुरक्षा बल प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश कर रहे थे, तब भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक और सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें और बिना जांचे किसी भी दावे को शेयर न करें।

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment