नकली दवा वेबसाइट से पंजाब के लोगों को ठगने वाला गिरोह पकड़ाया, दिल्ली पुलिस ने 2 को दबोचा
दिल्ली पुलिस ने पंजाब के लोगों को निशाना बनाने वाली नकली दवा वेबसाइट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं।

दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो एक फर्जी वेबसाइट के जरिए पंजाब के लोगों को सेहतमंद बनाने का झांसा देकर ठग रहा था। यह गिरोह नकली हेल्थ सप्लीमेंट्स और दवाइयां बेचने के नाम पर लोगों की मेहनत की कमाई लूट रहा था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 साल के दो युवकों, हितन कुमार और आयुष आर्य को गिरफ्तार किया है।
इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब अमृतसर के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित व्यक्ति से 27 से 30 सितंबर के बीच करीब 83,257 रुपये ठगे गए थे। पीड़ित ने वेबसाइट के जरिए दवाइयां मंगवाई थीं और भुगतान भी कर दिया था, लेकिन उसे कोई सामान नहीं मिला। इसके बाद पूर्वी जिले के साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
बैंक ट्रांजेक्शन और कमीशन का खेल
पुलिस ने जब इस मामले की गहराई से जांच की, तो बैंक खातों और केवाईसी दस्तावेजों के जरिए पैसों के लेन-देन का पता लगाया। जांच में सामने आया कि धोखाधड़ी के जरिए कुल 2,66,437 रुपये दो अलग-अलग बैंक खातों में जमा किए गए थे, जिन्हें बाद में एटीएम के जरिए निकाल लिया गया।
पुलिस ने 21 अक्टूबर को हितन कुमार को पकड़ा, जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह ठगी के पैसों को इधर-उधर करने में मदद कर रहा था। वहीं, दूसरे आरोपी आयुष आर्य ने बताया कि उसने अपना और अपने एक दोस्त का बैंक खाता हितन को उपलब्ध कराया था। इसके बदले में उसे ठगी गई रकम पर 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह www.openlifevedixa.com नाम की डोमेन वेबसाइट के जरिए अपना जाल फैला रहा था। फिलहाल पुलिस उस तीसरे मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है, जो इस पूरी वेबसाइट को चला रहा था और ऑनलाइन बिक्री का प्रबंधन कर रहा था।