शहीद पुलिसकर्मियों के बच्चों की पढ़ाई होगी मुफ्त, दिल्ली पुलिस ने किया बड़ा ऐलान
दिल्ली पुलिस ने शहीदों के बच्चों के लिए पूरी फीस माफी और अन्य स्टाफ के लिए स्कॉलरशिप में बढ़ोतरी का ऐलान किया है।

देश और शहर की सुरक्षा के लिए अपनी जान न्योछावर करने वाले वीर जवानों के परिवारों के लिए दिल्ली पुलिस ने एक बेहद संवेदनशील और बड़ा फैसला लिया है। अब ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के बच्चों की उच्च शिक्षा (Higher Education) का पूरा खर्च विभाग उठाएगा। दिल्ली पुलिस ने घोषणा की है कि इन बच्चों की पढ़ाई की पूरी फीस वापस की जाएगी, ताकि उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाया जा सके।
यह नई नीति 'दिल्ली पुलिस एजुकेशन फंड' के नियमों में बदलाव के बाद लागू की गई है। खास बात यह है कि पूरी फीस माफी की यह सुविधा शैक्षणिक वर्ष 2025-26 से प्रभावी होगी। विभाग का यह कदम उन परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा बनेगा जिन्होंने अपना सहारा खोया है।
सिर्फ शहीदों के ही नहीं, सभी स्टाफ के बच्चों को मिलेगा फायदा
दिल्ली पुलिस ने केवल शहीदों के परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने अन्य कर्मचारियों के बच्चों के लिए भी शिक्षा संबंधी लाभ बढ़ाए हैं। मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) से लेकर एसीपी (ACP) रैंक तक के सभी कर्मियों के बच्चों को अब बेहतर प्रोत्साहन मिलेगा।
- प्रोफेशनल कोर्स स्कॉलरशिप: डिप्लोमा और प्रोफेशनल कोर्स करने वाले छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की राशि 15,000 रुपये से बढ़ाकर अब 20,000 रुपये कर दी गई है।
- बोर्ड परीक्षा प्रोत्साहन: जो छात्र 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 90% से अधिक अंक लाएंगे, उन्हें एक बार के लिए 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
- प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए इनाम: IIT-JEE और NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में टॉप 1,000 रैंक लाने वाले छात्रों को 50,000 रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
इसके साथ ही, शिक्षा फंड के दायरे को और बड़ा किया गया है। 1 अप्रैल 2026 से इस फंड में योगदान देने वालों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिसमें अब सभी रैंक के अधिकारियों और कर्मियों को शामिल किया गया है। विभाग का यह प्रयास शिक्षा के जरिए पुलिस परिवारों के बच्चों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।