दिवाली पर भीड़ संभालने के लिए दिल्ली पुलिस का मास्टर प्लान, ऊंचे प्लेटफॉर्म और CCTV से होगी निगरानी
दिल्ली पुलिस ने दिवाली पर भीड़ संभालने के लिए ऊंचे प्लेटफॉर्म और CCTV लगाए हैं। पुरानी दिल्ली के बाजारों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।

दिवाली के त्योहार पर दिल्ली के बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा पुख्ता करने के लिए दिल्ली पुलिस ने कमर कस ली है। विशेष रूप से पुरानी दिल्ली के व्यस्त इलाकों में भीड़ प्रबंधन के लिए मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। डीसीपी (नॉर्थ) निहारिका भट्ट ने बताया कि चांदनी चौक, सदर बाजार और खारी बावली जैसे भीड़भाड़ वाले बाजारों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि लोग सुरक्षित तरीके से खरीदारी कर सकें।
ऊंचे प्लेटफॉर्म और आधुनिक निगरानी
भीड़ पर नजर रखने के लिए पुलिस ने एक अनोखा तरीका अपनाया है। बाजारों में कई ऊंचे प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं, जहां पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इन कर्मियों के पास दूरबीन (Binoculars) होगी ताकि वे दूर तक नजर रख सकें और लाउडस्पीकर की मदद से भीड़ को निर्देशित कर सकें। इसके अलावा, पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया गया है ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए बाहरी बलों की 10 से 12 कंपनियां तैनात की गई हैं। ये जवान रोजाना रूट मार्च कर रहे हैं और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में जुटे हैं। डीसीपी भट्ट ने बताया कि मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों और बस टर्मिनलों पर भी भारी भीड़ है, जिसके लिए CISF और RPF के साथ तालमेल बिठाकर लोगों की आवाजाही को रेगुलेट किया जा रहा है।
अवैध पटाखों पर crackdown:
त्योहार से पहले अवैध पटाखों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट में अब तक 49 FIR दर्ज की जा चुकी हैं और लगभग 2,400 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि वे सुरक्षित और इको-फ्रेंडली तरीके से दिवाली मनाएं। केवल ग्रीन पटाखों का उपयोग करें और सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय समय सीमा (सुबह 6 से 7 और रात 8 से 10 बजे) का सख्ती से पालन करें।