डिजिटल अरेस्ट का बड़ा खेल: रिटायर्ड ऑफिसर से 2 करोड़ की ठगी, दिल्ली पुलिस ने 3 को दबोचा
दिल्ली पुलिस ने एक रिटायर्ड ऑफिसर से 2 करोड़ की ठगी करने वाले डिजिटल अरेस्ट गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

राजधानी दिल्ली में साइबर अपराधियों ने एक रिटायर्ड सीनियर ऑफिसर को अपना निशाना बनाया और 'डिजिटल अरेस्ट' के नाम पर उनसे 2 करोड़ रुपये ठग लिए। इस सनसनीखेज मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (IFSO) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कई मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड और चेकबुक भी बरामद किए हैं।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब पीड़ित रिटायर्ड ऑफिसर को एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अधिकारी बताते हुए दावा किया कि उनका आधार कार्ड जम्मू-कश्मीर के एक बैंक खाते से जुड़ा है, जिसका इस्तेमाल गैरकानूनी गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। ठगों ने उन्हें डराया कि अगर उन्होंने तुरंत पैसे नहीं दिए, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डर और घबराहट के माहौल में ऑफिसर ने जालसाजों के बताए खातों में कुल 2 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
म्यूल अकाउंट्स के जरिए घुमाए पैसे, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
अडिशनल सीपी (IFSO) संजय भाटिया ने बताया कि जांच के बाद पुलिस ने मोहम्मद इमरान खान, रामकिशोर और रुपिंदर प्रताप सिंह नाम के तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आरोपी इस गिरोह में 'फैसिलिटेटर' और 'एग्रीगेटर' के तौर पर काम कर रहे थे, जो ठगी की रकम जमा करने के लिए 'म्यूल अकाउंट्स' (किराए के खाते) उपलब्ध कराते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने ठगी की राशि को आगे किसी अन्य व्यक्ति को भेजा है, जिसकी तलाश अब की जा रही है। पुलिस को भरोसा है कि जल्द ही इस पूरे खेल के मास्टरमाइंड तक पहुंच जाएगी। फिलहाल, इन तीनों आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, लेकिन उनकी गहन जांच जारी है।
इस मौके पर पुलिस ने आम जनता को आगाह किया है कि वे इन्वेस्टमेंट स्कैम, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी बेटिंग ऐप्स से सावधान रहें। अगर कोई आपको डराकर या लालच देकर पैसे मांगता है, तो तुरंत अपने परिवार को बताएं या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।