बस संचालन के लिए रिश्वत मांगना पड़ा भारी, दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल दोषी करार
दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल को बस संचालन के बदले रिश्वत मांगने के मामले में कोर्ट ने दोषी ठहराया है। जानिए क्या था पूरा मामला।

दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल को अपनी वर्दी का गलत इस्तेमाल करना महंगा पड़ गया। राउज एवेन्यू जिला अदालत की स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार को बस संचालन के बदले रिश्वत मांगने के मामले में दोषी ठहराया है। जज विशाल पाहुजा ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत यह फैसला सुनाया।
यह पूरा मामला मार्च 2024 का है, जब वेलकम पुलिस स्टेशन में तैनात कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार ने जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास परिवहन व्यवसायी डब्ल्यू.ए. अंसारी की बसों को रोका था। अंसारी का परिवार दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच तीन बसें चलाता है। आरोप है कि कॉन्स्टेबल ने इन बसों को चलाने और पैसेंजर बुकिंग जारी रखने के बदले हर बस पर 5,000 रुपये प्रति माह की रिश्वत मांगी थी, यानी कुल 15,000 रुपये महीना।
जांच के मुताबिक, कॉन्स्टेबल ने व्यवसायी के मैनेजर शाहिद हुसैन के जरिए संपर्क साधा था। 9 और 10 मार्च 2024 को व्हाट्सएप कॉल के जरिए मुलाकात तय की गई। हालांकि, शिकायतकर्ता ने इस रिश्वतखोरी के आगे झुकने के बजाय सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) में शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद सीबीआई ने एक स्टिंग ऑपरेशन चलाया, जिसमें रिश्वत की राशि घटाकर 13,000 रुपये प्रति माह तय की गई थी, जिसके बाद जाल बिछाकर कार्रवाई की गई।
परिवहन क्षेत्र में भ्रष्टाचार का बड़ा नेटवर्क
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब दिल्ली के ट्रांसपोर्ट सेक्टर में भ्रष्टाचार की गहरी जड़ें उजागर हो रही हैं। हाल ही में 'ऑपरेशन स्मॉग सिंडिकेट' नामक जांच में एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी मिलकर प्रतिबंधित BS4 डीजल बसों को चलाने की अनुमति दे रहे थे। बताया गया है कि इसके लिए 70,000 रुपये तक की 'एंट्री फीस' ली जा रही थी।
इतना ही नहीं, ऐसी खबरें भी आई हैं कि परिवहन विभाग कथित तौर पर हर चौराहे पर 1,000 रुपये वसूलता है, जबकि दिल्ली पुलिस का ट्रैफिक विभाग कुछ खास रूटों पर चलने के लिए मासिक 'पास' जारी करता है, ताकि GRAP स्टेज III की पाबंदियों के बावजूद गाड़ियां चलती रहें।