दिल्ली पुलिस का बड़ा फैसला: मृत कर्मियों के 225 परिजनों को मिलेगी नौकरी
दिल्ली पुलिस ने सेवा के दौरान शहीद या मृत कर्मियों के 225 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति की सिफारिश की है।

दिल्ली पुलिस ने अपने उन जवानों के परिवारों के लिए एक बड़ी राहत दी है, जिन्होंने सेवा के दौरान या ड्यूटी करते हुए अपनी जान गंवाई। विभाग ने दिल्ली पुलिस अनुकंपा नियुक्ति के तहत 225 उम्मीदवारों के नाम की सिफारिश की है। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों को आर्थिक स्थिरता प्रदान करना है, जिन्होंने अपने कमाने वाले सदस्य को खो दिया और अब कठिन दौर से गुजर रहे हैं।
इन नियुक्तियों के लिए एक विशेष स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई थी, जिसने हर आवेदन की बारीकी से जांच की। कमेटी ने योग्यता और मेरिट के आधार पर इन उम्मीदवारों का चयन किया है। विभाग के नियमों के मुताबिक, नियमित और सीधी भर्ती की रिक्तियों में 5% कोटा अनुकंपा नियुक्तियों के लिए आरक्षित रखा जाता है, जिसके तहत यह कदम उठाया गया है।
इन पदों पर होगी तैनाती
चयनित उम्मीदवारों को विभाग में अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इनमें शामिल हैं:
- हेड कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल)
- कांस्टेबल (एग्जीक्यूटिव)
- कांस्टेबल (ड्राइवर)
- मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS)
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि विभाग अपने मृत कर्मचारियों के शोक संतप्त परिवारों की मदद करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार के नेतृत्व में वेलफेयर यूनिट उन परिवारों को प्राथमिकता दे रही है, जो अपने प्रियजन को खोने के बाद गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। हालांकि, अंतिम नियुक्ति से पहले सभी चयनित उम्मीदवारों को एक अनिवार्य मेडिकल जांच से गुजरना होगा, जिसके बाद ही उनकी जॉइनिंग की प्रक्रिया पूरी होगी।