क्रिप्टोकरेंसी फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 4 को दबोचा
दिल्ली पुलिस ने फर्जी P2P ट्रांजैक्शन और फिशिंग लिंक के जरिए व्यापारियों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो क्रिप्टोकरेंसी व्यापारियों को अपना निशाना बना रहा था। इस क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी गिरोह के जरिए जालसाजों ने एक व्यापारी से करीब 5 लाख रुपये (4,985 USDT) की ठगी की थी। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पीड़ित की पूरी रकम वापस दिला दी है।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई कि जून महीने में जब वह Binance P2P के जरिए अपनी क्रिप्टोकरेंसी बेचने की कोशिश कर रहा था, तब एक कथित खरीदार ने उससे संपर्क किया। बातचीत को व्हाट्सएप पर ले जाया गया, जहां आरोपी ने खरीदारी के बहाने एक फिशिंग लिंक भेजा। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक पर क्लिक किया, जालसाजों ने उसके डिजिटल वॉलेट का एक्सेस हासिल कर लिया और सारा बैलेंस उड़ा लिया।
ऐसे काम करता था ठगी का नेटवर्क
पुलिस जांच में पता चला कि यह सिंडिकेट राजस्थान के अलवर से संचालित हो रहा था, जिसका नेतृत्व अतुल मीणा कर रहा था। गिरोह का काम करने का तरीका बेहद व्यवस्थित था:
- आरोपी इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देकर किराए पर Binance अकाउंट और सिम कार्ड जुटाते थे।
- गांव के युवाओं को प्रॉफिट शेयरिंग के आधार पर भर्ती किया जाता था, जिनका काम संभावित सेलर्स की पहचान करना था।
- एक बार जब कोई व्यापारी संपर्क करता, तो उसका नंबर मास्टरमाइंड अतुल मीणा को दिया जाता था।
- अतुल खुद को असली खरीदार बताकर फिशिंग लिंक भेजता और वॉलेट खाली कर देता था।
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल्स की मदद से पहले अलवर और फिर जयपुर में छापेमारी की, जहां जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा को गिरफ्तार किया गया। गिरोह का मास्टरमाइंड अतुल मीणा काफी समय से फरार था, जिसे अंततः दिल्ली के धौला कुआं इलाके से पकड़ा गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 1.62 लाख रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक वाई-फाई राउटर और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है ताकि अन्य वॉलेट्स और खातों का पता लगाया जा सके जिनका इस्तेमाल इस धोखाधड़ी में किया गया था।