दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय कोकीन सिंडिकेट को किया ध्वस्त, घाना का नागरिक समेत 4 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ कर घाना के नागरिक सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक अंतरराज्यीय कोकीन तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक घाना का नागरिक भी शामिल है। यह पूरा नेटवर्क दक्षिण दिल्ली और गुरुग्राम के पबों और बार में आने वाले युवाओं को नशे की गिरफ्त में ले रहा था।
पुलिस की इस कार्रवाई की शुरुआत 26 मई 2026 को हुई, जब क्राइम ब्रांच को हुकमुद्दीन नाम के एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले द्वारका से 45 वर्षीय हुकमुद्दीन को 106 ग्राम कोकीन के साथ दबोचा। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कड़ियाँ जोड़ना शुरू किया और हरियाणा के नूंह से जाबिद हुसैन (41) और फिर मुश्ताक (40) को गिरफ्तार किया।
दक्षिण दिल्ली और गुरुग्राम के पबों में सप्लाई चेन
इस गिरोह की आखिरी और अहम गिरफ्तारी 20 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के खानपुर इलाके से हुई। पुलिस ने यहाँ चार्ल्स ओवुसु (36) नाम के एक घाना नागरिक को पकड़ा, जिसे 'जॉनसन' के नाम से भी जाना जाता है। जब पुलिस ने देओली एक्सटेंशन स्थित ओवुसु के किराए के घर पर छापेमारी की, तो वहां से 30 ग्राम कोकीन, पांच मोबाइल फोन, एक डिजिटल वजन मशीन और पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक पाउच बरामद हुए।
जांच में यह बात सामने आई है कि यह सिंडिकेट मुख्य रूप से दक्षिण दिल्ली और गुरुग्राम के पॉश इलाकों के पबों और बार में आने वाले युवाओं को कोकीन की सप्लाई करता था। क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8 और 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस 'डेविड' नाम के एक अन्य संदिग्ध सप्लायर की तलाश कर रही, जिसके बारे में माना जा रहा है कि वह छत्तरपुर इलाके से अपना नेटवर्क चला रहा है।