दिल्ली पुलिस ने सरकारी भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार

Kittu Kumari7 August 20262 min read37 viewsDelhi Local
दिल्ली पुलिस ने सरकारी भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने सरकारी भर्ती परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग और नकल कराने में शामिल एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।

मुख्य बिंदु:

  • सरकारी भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश।
  • पुलिस ने कुल सात आरोपियों को किया गिरफ्तार।
  • परीक्षा केंद्र से ब्लूटूथ डिवाइस और कस्टमाइज्ड मोबाइल बरामद।
  • मास्टरमाइंड सोनू मान चरखी दादरी से पकड़ा गया।

धोखाधड़ी की शिकायत और पहली गिरफ्तारी


पुलिस को गत 26 जुलाई को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, जनकपुरी (पश्चिम दिल्ली) से केवीएस, सी-2 जनकपुरी में आयोजित एलडीसी भर्ती परीक्षा के दौरान धोखाधड़ी की शिकायत मिली थी। परीक्षा केंद्र पर चेकिंग के दौरान एक महिला अभ्यर्थी के पास से कस्टमाइज्ड मोबाइल फोन तथा एक पुरुष अभ्यर्थी के पास से सिम कार्ड युक्त ब्लूटूथ डिवाइस और नैनो ईयर बड्स बरामद किए गए थे। इस संबंध में जनकपुरी थाने में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने दोनों अभ्यर्थियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए थे।

विशेष टीम का गठन और पूछताछ


मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। पूछताछ के दौरान पुरुष आरोपी ने खुलासा किया कि उसके भाई ने परीक्षा हॉल के बाहर से उत्तर प्राप्त करने के लिए 12 लाख रुपये में एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से ब्लूटूथ डिवाइस और सिम कार्ड का इंतजाम किया था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिला आरोपी ने बताया कि उसके एक दोस्त ने प्रश्नपत्र भेजने और उत्तर प्राप्त करने के लिए उसे कस्टमाइज्ड मोबाइल, ब्लूटूथ डिवाइस और नैनो ईयर बड्स दिए थे।

मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी और बरामदगी


जांच के दौरान महिला के दोस्त सन्नी को पकड़ा गया, जिसने दीपक नामक व्यक्ति की संलिप्तता का खुलासा किया। तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर दीपक को गिरफ्तार किया गया, जिसने बताया कि वह गिरोह के मास्टरमाइंड सोनू मान के इशारे पर काम कर रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने दादरी बाईपास रोड, चरखी दादरी (हरियाणा) से मास्टरमाइंड सोनू मान को उस समय दबोच लिया, जब वह एक अन्य सरकारी भर्ती परीक्षा में नकल कराने की फिराक में था। मास्टरमाइंड सोनू मान के पास से एक विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ा टैबलेट, कस्टमाइज्ड मोबाइल, तीन ब्लूटूथ डिवाइस, चार नैनो ईयर बड्स और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।

आरोपियों की भूमिका और आगे की जांच


पुलिस के अनुसार, आरोपी सन्नी दिल्ली के एक मेडिकल कॉलेज में लैब अटेंडेंट है और कमीशन के बदले अभ्यर्थियों को मुख्य सरगना से जोड़ता था। दूसरा आरोपी दीपक अभ्यर्थियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मुहैया कराकर उत्तर भेजने का काम करता था। वहीं फायरमैन के रूप में कार्यरत मास्टरमाइंड सोनू मान कस्टमाइज्ड उपकरण तैयार करवाता था और लीक प्रश्नपत्रों के उत्तर बनाकर अभ्यर्थियों तक पहुंचाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, वित्तीय लेनदेन और अन्य राज्यों की परीक्षाओं में इनकी संलिप्ता की गहन जांच कर रही है।

Share:

Comments

Leave a comment