दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, अमेरिका के नागरिकों को ठगने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़

दिल्ली पुलिस ने एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है जो अमेरिका के नागरिकों को अपना शिकार बना रहा था। दिल्ली पुलिस ने वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट के एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) की मदद से यह कार्रवाई की। यह फर्जी कॉल सेंटर नारायणा औद्योगिक क्षेत्र, फेज-2 में 'वेप्ट्रा' नाम से चलाया जा रहा था।
सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कथित मालिक 29 वर्षीय अरुण, उसका साथी 28 वर्षीय सलीम और पांच कॉलर निखिल, करण, विशाल और मोंटू सिंह शामिल हैं। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हावेरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि आरोपी पीड़ितों से बात करते समय अंग्रेजी नामों का इस्तेमाल करते थे।
ठगी का तरीका और बरामद सामान
आरोपी अमेरिकी नागरिकों को डराते थे कि उनके डिजिटल डिवाइस में वायरस आ गए हैं। इसके बाद वे पीड़ितों को गिफ्ट कार्ड के जरिए 'रिपेयरिंग' के लिए पैसे देने का दबाव बनाते थे। रेड के दौरान पुलिस ने एक ऑडी ए3 कार, पांच लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन, 10 क्रेडिट-डेबिट कार्ड और अन्य सामान जब्त किया है। लैपटॉप की फोरेंसिक जांच में रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर और अमेरिकी फोन नंबरों के कॉल लॉग मिले हैं।