दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: अमृतसर में पकड़ा गया अंतरराज्यीय कार चोरी गिरोह, 5 गाड़ियां बरामद

राजधानी दिल्ली में महंगी गाड़ियों की चोरी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। दिल्ली पुलिस की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने पंजाब के अमृतसर में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने चोरी की पांच लग्जरी कारें बरामद की हैं, जो दिल्ली-NCR से चोरी कर पंजाब ले जाई गई थीं।
इस पूरे मामले की शुरुआत 14 अक्टूबर को ओल्ड राजिंदर नगर इलाके से एक सफेद रंग की हुंडई क्रेटा चोरी होने की रिपोर्ट से हुई थी। राजिंदर नगर थाने में दर्ज ई-एफआईआर के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सुराग मिले जिससे पता चला कि यह किसी स्थानीय चोर की नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह की करतूत है जो दिल्ली-NCR और पंजाब के बीच सक्रिय है।
नकली नंबर प्लेट लगाकर पंजाब पहुंचाते थे गाड़ियां
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। ये लोग रात के समय दिल्ली-NCR में अच्छी कंडीशन वाली गाड़ियों को निशाना बनाते थे। चोरी करने के तुरंत बाद, पकड़े जाने के डर से आरोपी गाड़ियों पर नकली रजिस्ट्रेशन प्लेट लगा देते थे और फिर उन्हें सुरक्षित तरीके से पंजाब ले जाकर ठिकाने लगा देते थे।
डीसीपी (सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने 16 अक्टूबर को अमृतसर के जंडियाला गुरु में छापेमारी की, जहां से 33 वर्षीय शमशेर और 39 वर्षीय रिंकू उर्फ रिंकी को गिरफ्तार किया गया। ये दोनों आरोपी अमृतसर के ही रहने वाले हैं।
इस ऑपरेशन के तहत पुलिस ने कुल पांच गाड़ियां बरामद की हैं, जिनमें चार हुंडई क्रेटा और एक मारुति सुजुकी डिजायर शामिल है। इस कार्रवाई से दिल्ली में दर्ज मोटर वाहन चोरी के पांच अलग-अलग मामलों को सुलझा लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को एसीपी (ऑपरेशंस) पदम सिंह राणा की देखरेख में इंस्पेक्टर संदीप डबास और उनकी टीम ने अंजाम दिया।