दिल्ली पुलिस ने Rapido ड्राइवर को किया गिरफ्तार, गलत रास्ता देखने पर चलती स्कूटी से कूदी थी महिला यात्री!

दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहाँ दिल्ली पुलिस ने Rapido बाइक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एक महिला यात्री के चलती स्कूटी से कूदने के बाद की गई है। पीड़िता आयशा श्रीवास्तव ने अपने रोजाना के सफर के लिए Rapido राइड बुक की थी। ड्राइवर द्वारा अनजान और सुनसान रास्ता अपनाने पर जब महिला ने सही रास्ते पर चलने को कहा, तो ड्राइवर ने उसकी बात नहीं मानी। अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला को चलती गाड़ी से छलांग लगानी पड़ी, जिसके बाद उसे गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में मेडिकल ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना
महिला द्वारा अपनी इस डरावनी घटना को सोशल मीडिया पर विस्तार से बताने के बाद यह मामला काफी चर्चा में आया। इस घटना के सामने आने के बाद राइड-हेलिंग सर्विस Rapido ने ड्राइवर के बर्ताव की कड़ी निंदा की है। कंपनी ने इस बात पर जोर दिया कि पैसेंजर की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कंपनी ने पुष्टि की है कि वह चल रही जांच में पूरा सहयोग कर रही है और यह भी स्पष्ट किया कि उनके कैप्टन द्वारा किसी भी तरह की बदतमीजी पर सख्त से सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें प्लेटफॉर्म से हमेशा के लिए बैन करना भी शामिल है।