दिल्ली पुलिस ने अहमदाबाद से गोल्डी बराड़ गैंग के आरोपी आरिफ को 1 करोड़ की रंगदारी मामले में किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस, अहमदाबाद क्राइम ब्रांच और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गोल्डी बराड़ गैंग के कथित गुर्गे आरिफ उर्फ 'पिस्तौल' को अहमदाबाद के वेजलपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 1 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले में की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी आरिफ दिल्ली के रूप नगर इलाके में दिल्ली जल बोर्ड के एक ठेकेदार से रंगदारी मांगने और धमकी भरे कॉल करने में शामिल था।
रंगदारी और जान से मारने की धमकी
पीड़ित ठेकेदार को एक विदेशी नंबर से फोन करके 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी और 48 घंटे के भीतर पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलने के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और मामला दर्ज कराया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू की और अहमदाबाद पुलिस के साथ मिलकर आरोपी को दबोच लिया।
अन्य मामले और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरिफ हत्या के प्रयास, फायरिंग और रंगदारी जैसे 11 से अधिक गंभीर मामलों में वांछित था। संयुक्त ऑपरेशन ने गैंग की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। एक अन्य मामले में, शाहदरा जिला पुलिस ने शनिवार को आनंद विहार इलाके के एक रेस्टोरेंट में रंगदारी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह मामला 14 सितंबर को सामने आया था जब आनंद विहार पुलिस स्टेशन को एक रेस्टोरेंट में रंगदारी की घटना की सूचना मिली थी।