शादी का झांसा देकर महिला पुलिसकर्मियों को ठगा, दिल्ली पुलिस ने दबोचा शातिर ठग
दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया जिसने महिला कांस्टेबलों को शादी का झांसा देकर लाखों रुपये ठगे।

दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट साइबर सेल ने एक ऐसे शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी बातों के जाल में फंसाकर कई महिला पुलिस कांस्टेबलों से लाखों रुपये ठग लिए। 23 वर्षीय आरोपी विक्रांत तोमर, जो बुराड़ी का रहने वाला है, ने खुद को एक अमीर बिजनेसमैन बताकर महिलाओं को शादी के सपने दिखाए और फिर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुँचाया।
पुलिस के मुताबिक, विक्रांत तोमर कोई नौसिखिया अपराधी नहीं है, बल्कि उस पर दिल्ली के अलग-अलग थानों में पहले से ही धोखाधड़ी के पांच मामले दर्ज हैं। उसने एक सोची-समझी रणनीति के तहत एक ही बैच की महिला पुलिसकर्मियों को अपना निशाना बनाया। जांच में यह बात सामने आई है कि लगभग 20 महिला कांस्टेबल्स इस ठगी का शिकार हुई हैं, हालांकि सामाजिक दबाव और अपनी पेशेवर छवि को बचाने के डर से कई पीड़ितों ने अब तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इनमें से करोल बाग थाने में तैनात एक महिला कांस्टेबल से आरोपी ने करीब 24 लाख रुपये ठग लिए।
लक्जरी लाइफस्टाइल का दिखावा और सट्टेबाजी का खेल
आरोपी ने महिलाओं को लुभाने के लिए इंस्टाग्राम पर अपनी एक फर्जी और आलीशान दुनिया बसाई थी। वह अपनी प्रोफाइल पर महंगी कारों और लग्जरी लाइफस्टाइल की तस्वीरें डालता था। विश्वास जीतने के लिए वह किराए की महंगी गाड़ियां लाता और पीड़ितों को घंटों तक उनमें घुमाता था। हैरानी की बात यह है कि वह एक पीड़िता से पैसे लेकर दूसरी महिला के साथ डेट या आउटिंग पर जाने का खर्च उठाता था।
पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ कि आरोपी की लिव-इन पार्टनर भी दिल्ली पुलिस में एक महिला कांस्टेबल है। पुलिस का मानना है कि विक्रांत ने अपनी पार्टनर के जरिए ही उसके बैचमेट्स की पहचान की और उन्हें अपना शिकार बनाया। इतना ही नहीं, ठगी के जरिए जुटाए गए पैसों को ठिकाने लगाने के लिए वह 'OneX' जैसे सट्टेबाजी ऐप (betting app) का इस्तेमाल कर रहा था।