विदेशी नागरिक के पैसे चुराए, दिल्ली पुलिस ने 72 साल की बुजुर्ग महिला को दबोचा
दिल्ली पुलिस ने एक विदेशी नागरिक के पैसे चुराने वाली 72 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर पहले भी कई केस दर्ज हैं।

राजधानी दिल्ली की पुलिस ने एक विदेशी नागरिक की चोरी के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की पुलिस टीम ने इस मामले में 72 वर्षीय एक महिला, जिसकी पहचान सविता गांधी (उर्फ सरोज गांधी) के रूप में हुई है, को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके से की गई है।
यह पूरा मामला 21 अक्टूबर 2026 को शुरू हुआ, जब एक विदेशी नागरिक ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई कि उनका बैग चोरी हो गया है। इस बैग में पासपोर्ट, वीजा दस्तावेज, 2,600 अमेरिकी डॉलर, करीब 2.50 लाख भारतीय रुपये, तीन क्रेडिट कार्ड और एक सैमसंग मोबाइल फोन था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की।
100 से ज्यादा CCTV कैमरों की मदद से पकड़ी गई आरोपी
पहाड़गंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संगतराशन पुलिस पोस्ट की टीम ने इस मामले को सुलझाने के लिए जाल बिछाया। एसआई एस.एन. ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और खुफिया तंत्र की मदद ली। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड्स की भी जांच की, जिससे पता चला कि महिला पहले भी कई वारदातों में शामिल रही है।
जांच के दौरान पता चला कि गिरफ्तार महिला का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और उस पर पहले से ही 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने जब छापेमारी की, तो आरोपी के पास से 1,85,500 भारतीय रुपये और 2,600 अमेरिकी डॉलर बरामद कर लिए। हालांकि, चोरी हुआ मोबाइल फोन, पासपोर्ट और वीजा दस्तावेज अभी भी बरामद नहीं हो पाए हैं, जिसकी तलाश जारी है।
इस ऑपरेशन को सफल बनाने में एसआई साहिल, महिला एसआई खैको असुने और अन्य पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।