गाजीपुर में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 93 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने गाजीपुर पेपर मार्केट से एक 25 वर्षीय युवक को 93 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

राजधानी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। दिल्ली पुलिस की ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ टीम ने एक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 93 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। यह पूरी कार्रवाई गाजीपुर के पेपर मार्केट इलाके में की गई, जहां पुलिस की पैनी नजर ने तस्कर के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम जब इलाके में गश्त कर रही थी, तभी आरोपी इजहार को पुलिस कर्मियों को देखते ही भागने की कोशिश की। हालांकि, मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक मिली, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।
दर्जी का काम कर तस्करी में जुटा था आरोपी
पकड़े गए आरोपी की पहचान इजहार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हापुड़ का रहने वाला है, लेकिन पिछले कुछ समय से उत्तर-पूर्वी दिल्ली में रह रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि इजहार पेशे से एक दर्जी है, लेकिन वह पर्दे के पीछे नशीले पदार्थों की तस्करी के काले कारोबार में लिप्त था।
ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी राजीव कुमार रावल ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने गाजीपुर थाने में एफआईआर नंबर 570/2026 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21 के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इजहार यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और वह इसे किन लोगों को सप्लाई करने वाला था। पुलिस का मुख्य उद्देश्य अब इस ड्रग सप्लाई चेन के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचना और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है।