यूसुफ सराय में फूल विक्रेता और किशोर की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल होने पर 6 गिरफ्तार
दिल्ली के यूसुफ सराय में फूल बेचने वाली महिला और उसके रिश्तेदार पर हमले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा।

राजधानी दिल्ली के यूसुफ सराय इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक फूल बेचने वाली महिला और उसके किशोर रिश्तेदार को बेरहमी से पीटा गया। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने एक्शन लेते हुए इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना 7 और 8 नवंबर की दरमियानी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की है। {FOCUS} यूसुफ सराय बस स्टैंड के पास औरोबिंदो मार्ग पर मौजूद 37 वर्षीय राधा, जो वहां फूल बेचती है, और उसके 15 साल के देवर पर हमला किया गया। हमले के बाद दोनों को गंभीर हालत में मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पारिवारिक विवाद या ड्रग्स का दबाव?
हौज खास थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। डीसीपी (दक्षिण) अनंत मित्तल के मुताबिक, घटना के समय कोई औपचारिक शिकायत या पीसीआर कॉल नहीं की गई थी, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार किए गए लोगों में 35 वर्षीय सोनी और 22 वर्षीय उस्मान नौशाद नाम के दो वयस्क शामिल हैं, जबकि चार अन्य किशोर हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए दोनों वयस्कों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामलों में शामिल रहे हैं। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस इसे पारिवारिक विवाद बता रही है, लेकिन पीड़ितों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि उन्हें ड्रग्स जैसे अवैध धंधों में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा था, जिसके चलते यह हमला हुआ।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें मारपीट, आपराधिक धमकी और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।