दिल्ली में ड्रग तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, नाइजीरियाई नागरिक समेत 3 गिरफ्तार

राजधानी में नशे के काले कारोबार के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ड्रग सप्लाई नेटवर्क में शामिल तीन लोगों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाइजीरियाई नागरिक और दो टैक्सी ड्राइवर शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
पुलिस को 12 अक्टूबर 2026 को खबर मिली थी कि कश्मीरी गेट इलाके में ड्रग्स की डिलीवरी होने वाली है। इस सूचना पर तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने उसी रात दो टैक्सी ड्राइवरों, अच्छे बाबू (25) और जाहिद (22) को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस ने इन दोनों से सख्ती से पूछताछ की, तो इस नेटवर्क के मुख्य सूत्रधार का पता चला। इसके बाद 13 अक्टूबर को पुलिस ने महरौली में छापेमारी कर 43 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक काजेटन चुक्वेजेक्वु को गिरफ्तार किया।
टैक्सी के जरिए हो रही थी ड्रग्स की सप्लाई
नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 22.1 ग्राम कोकीन, 90 ग्राम हेरोइन/स्मैक और 15.3 ग्राम MDMA जब्त किया है। साथ ही, ड्रग्स बांटने के काम में इस्तेमाल होने वाली एक मारुति वैगनआर टैक्सी को भी जब्त किया गया है। जांच में सामने आया कि काजेटन ने इन टैक्सी ड्राइवरों को किराए पर लिया था और फिर उन्हें ड्रग्स की सप्लाई के काम में लगा दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह नाइजीरियाई नागरिक भारत में अवैध रूप से रह रहा था क्योंकि उसका वीजा एक्सपायर हो चुका था। पुलिस को शक है कि वह एक अन्य नाइजीरियाई नागरिक अमेका के संपर्क में था।
इसी बीच, रोहिणी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने भी एक अलग ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में नाइजीरिया, युगांडा और सेनेगल के चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। इस छापेमारी में 168 ग्राम कोकीन, 35,900 रुपये नकद, वजन करने की मशीन, पैकिंग मटेरियल, एक टीवीएस एनटॉर्क स्कूटर और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस इन सभी मामलों की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।