11 करोड़ की जमीन धोखाधड़ी: दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र से दबोचा मास्टरमाइंड
दिल्ली पुलिस ने 11.10 करोड़ रुपये की जमीन धोखाधड़ी के आरोपी मुकेश बेलानी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 11.10 करोड़ रुपये की जमीन धोखाधड़ी के मामले में मास्टरमाइंड मुकेश एल. बेलानी को गिरफ्तार कर लिया है। 42 वर्षीय आरोपी, जो गुजरात के वडोदरा का रहने वाला है, काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। क्राइम ब्रांच की ARSC टीम ने एसीपी विवेकानंद पाठक की देखरेख में करीब एक महीने तक चले ऑपरेशन के बाद उसे महाराष्ट्र के खोपोली से पकड़ा।
इस पूरे घोटाले की शुरुआत मई 2024 में हुई थी, जब मुकेश बेलानी ने दिल्ली के कारोबारी ऋषि पाल बंसल से संपर्क किया। उसने बंसल को उत्तराखंड के रुड़की स्थित खटाखेड़ी गांव में 20 बीघा जमीन खरीदने का प्रस्ताव दिया और दावा किया कि इस जमीन को दोबारा बेचने पर उन्हें भारी मुनाफा होगा। लालच में आकर बंसल ने सौदा किया, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि वह जमीन विवादित थी और उसे दोबारा बेचना नामुमकिन था। जब धोखाधड़ी का खुलासा हुआ, तो पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद 27 मई 2025 को सुभाष प्लेस पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई।
सावधानी से छिपा था आरोपी, 50 हजार का था इनाम
पुलिस से बचने के लिए बेलानी ने कई तरह की चालें चलीं। वह एक साल से ज्यादा समय तक फरार रहा, जिसके बाद रोहिणी कोर्ट ने 23 मई 2026 को उसे 'घोषित अपराधी' (proclaimed offender) करार दे दिया। उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था। जांच में पता चला कि बेलानी महाराष्ट्र के खोपोली में अकेला रह रहा था और अपनी पहचान छिपाने के लिए किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था।
गिरफ्तारी के बाद उसे महाराष्ट्र की अदालत में पेश किया गया, जहां से दिल्ली पुलिस को तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड मिला है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मुकेश बेलानी केवल इस मामले में ही नहीं, बल्कि गुजरात, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में धोखाधड़ी और जाली नोटों से जुड़े चार अन्य मामलों में भी शामिल रहा है।