11 करोड़ की जमीन धोखाधड़ी: दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र से दबोचा फरार आरोपी
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने महाराष्ट्र के खोपोली से मुकेश बेलानी को गिरफ्तार किया, जिसने कारोबारी से 11.10 करोड़ की ठगी की थी।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 11.10 करोड़ रुपये की जमीन धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मुकेश एल. बेलानी को गिरफ्तार कर लिया है। 42 वर्षीय बेलानी को महाराष्ट्र के खोपोली से पकड़ा गया है। वह पिछले एक साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था और दिल्ली की एक अदालत ने उसे 'घोषित अपराधी' (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) करार दिया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
क्राइम ब्रांच की एंटी-रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल (ARSC) ने करीब एक महीने तक सघन ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद बेलानी का पता मुंबई से करीब 90 किलोमीटर दूर खोपोली में चला। डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और खलापुर कोर्ट से तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे दिल्ली लाया जा रहा है।
उत्तराखंड में जमीन दिलाने के नाम पर किया था करोड़ों का फर्जीवाड़ा
यह पूरा मामला दिल्ली के एक कारोबारी ऋषि पाल बंसल की शिकायत से शुरू हुआ। सुभाष प्लेस थाने में 27 मई 2025 को दर्ज एफआईआर के मुताबिक, मुकेश बेलानी और उसके साथियों ने कारोबारी को उत्तराखंड के रुड़की स्थित खटाखेड़ी गांव में 20 बीघा जमीन दिलाने का झांसा दिया था। आरोपियों ने दावा किया था कि इस जमीन को खरीदकर आगे बेचने पर भारी मुनाफा होगा।
लालच में आकर कारोबारी ने बैंक ट्रांसफर और कैश के जरिए कुल 11 करोड़ 10 लाख रुपये आरोपियों को दिए। लेकिन बाद में जब सच्चाई सामने आई, तो पता चला कि वह जमीन विवादों में फंसी हुई थी और बिक्री के लिए उपलब्ध ही नहीं थी।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वडोदरा (गुजरात) का रहने वाला मुकेश बेलानी एक पेशेवर ठग है। वह केवल 9वीं कक्षा तक पढ़ा है, लेकिन अमीर कारोबारियों को निवेश पर भारी रिटर्न का लालच देने में माहिर है। उसके खिलाफ गुजरात, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में धोखाधड़ी और जाली नोट रखने के चार मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी के समय वह अपने परिवार से दूर खोपोली में अकेला रह रहा था।