21 करोड़ की धोखाधड़ी: दिल्ली पुलिस ने मुंबई से दबोचा शातिर जालसाज

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑपरेशन के बाद मुंबई से एक शातिर जालसाज कुशाल समीर मेहता को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर केंद्र सरकार के मंत्रालयों, अदालतों और वित्तीय संस्थानों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर करीब 21 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने इस आरोपी को 1 अक्टूबर की सुबह मुंबई के बोरीवली रेलवे स्टेशन से तब पकड़ा, जब वह ट्रेन से सफर कर रहा था।
जांच में सामने आया है कि मेहता ने बेहद शातिराना तरीके से फर्जीवाड़े का जाल बुना था। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दो मुख्य मामले दर्ज हैं। पहले मामले में वित्त मंत्रालय के अधिकारियों ने शिकायत की थी कि फर्जी ट्रेजरी कागजात और जाली मंजूरी पत्रों के जरिए करीब 18.62 करोड़ रुपये के सरकारी भुगतान निकालने की कोशिश की गई। इसमें 'एंडिस क्रिएशन' के लिए 7.62 करोड़ और 'एस्सेन्ज़ा न्यूट्रिशन प्राइवेट लिमिटेड' के लिए 11 करोड़ रुपये शामिल थे। हालांकि, आंतरिक सत्यापन के बाद इस फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया और भुगतान रोक दिया गया।
PMO और मंत्रालयों के फर्जी लेटरहेड का किया इस्तेमाल
धोखाधड़ी का दूसरा मामला अहमदाबाद के एक व्यवसायी से जुड़ा है, जिसे मेहता ने सरकारी संपर्कों का हवाला देकर करीब 3.12 करोड़ रुपये ठगे। भरोसा जीतने के लिए आरोपी प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, अदालतों और बैंकों के फर्जी लेटरहेड और मोहरों का इस्तेमाल करता था। वह खुद को रसूखदार दिखाकर सरकारी कामों को निपटाने और फंसे हुए पैसे वापस दिलाने का वादा करता था।
पुलिस के मुताबिक, मेहता पिछले काफी समय से अदालती समन और वारंटों से बच रहा था। EOW की टीम ने फोन रिकॉर्ड और लोकेशन डेटा का गहन विश्लेषण किया, जिससे पता चला कि वह गुजरात के पालिताना, अहमदाबाद और वडोदरा में घूम रहा था। जैसे ही पुलिस को खबर मिली कि वह मुंबई जाने वाली ट्रेन में है, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे ट्रेन नंबर 12928 के बोरीवली स्टेशन पहुंचते ही धर दबोचा गया।
अदालत ने आरोपी को चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि फर्जी सरकारी दस्तावेज छापने और बांटने वाले गिरोह में और कौन-कौन शामिल है। बताया जा रहा है कि मेहता मुंबई के कम से कम दो अन्य धोखाधड़ी मामलों से भी जुड़ा हुआ है।