आजादपुर बिरयानी विक्रेता लूट कांड: दिल्ली पुलिस ने फरार आरोपी शुभम को दबोचा
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने आजादपुर में बिरयानी विक्रेता के साथ हुई लूट और गोलीबारी मामले में फरार आरोपी शुभम चौहान को गिरफ्तार किया है।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो 2024 में एक बिरयानी विक्रेता के साथ हुई लूट और गोलीबारी की घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने 26 वर्षीय शुभम चौहान उर्फ शिवम को सोमवार, 16 नवंबर 2026 को आजादपुर मंडी से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच की NR-II टीम ने एसीपी गिरीश कौशिक की देखरेख में अंजाम दी।
यह पूरा मामला अगस्त 2024 का है। 14 और 15 अगस्त की दरमियानी रात आजादपुर की फ्रूट मंडी में जैद नाम के एक बिरयानी विक्रेता के साथ लूटपाट हुई थी। इस वारदात के दौरान हमलावरों ने जैद को गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद महेंद्र पार्क पुलिस स्टेशन में एफआईआर नंबर 414/2024 दर्ज किया गया था।
शराब के लिए की थी वारदात, मोबाइल भी लूटा
पुलिस पूछताछ में शुभम चौहान ने खुलासा किया कि उसने और उसके साथियों ने यह वारदात महज एक मोबाइल फोन छीनने और शराब खरीदने के लिए पैसे जुटाने के मकसद से की थी। शुभम, जो कि 12वीं पास है और प्राइवेट ड्राइवर के तौर पर काम करता है, इस मामले में पकड़ा गया पांचवां आरोपी है। इससे पहले पुलिस उदय, गणेश, मोहित और पिंटू को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में यह बात सामने आई कि वारदात के दौरान अवैध हथियार से गोली उदय ने चलाई थी।
इस ऑपरेशन को सफल बनाने में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल नितिन, इंस्पेक्टर संदीप स्वामी, सब-इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह और सब-इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह की अहम भूमिका रही। डीसीपी चंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने सटीक सूचना के आधार पर शुभम को धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।