लावारिस बैग या संदिग्ध वस्तुएं दिखें तो न करें ये गलती, दिल्ली पुलिस ने जारी की चेतावनी
दिल्ली पुलिस ने लावारिस बैग या संदिग्ध वस्तुओं को न छूने की सलाह दी है। सुरक्षा के लिए तुरंत पुलिस को सूचित करें।

राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस पब्लिक एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि यदि किसी को भी सार्वजनिक स्थानों पर कोई लावारिस बैग, सूटकेस या कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो उसे बिल्कुल न छुएं और न ही उसे हिलाने की कोशिश करें।
अधिकारियों के मुताबिक, ऐसी लावारिस वस्तुओं में खतरनाक या विस्फोटक सामग्री हो सकती है, जो जान-माल के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। ऐसे में आपकी एक छोटी सी लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है। पुलिस ने निर्देश दिया है कि ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या कंट्रोल रूम को सूचित करें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
सतर्कता ही सुरक्षा की कुंजी
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए इस संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित किया है। इस एडवाइजरी को दिल्ली के मुख्यमंत्री, पुलिस कमिश्नर, उपराज्यपाल और विभिन्न जिलों के डीसीपी सहित कई आधिकारिक हैंडल्स द्वारा साझा किया गया है। विभाग का मानना है कि सुरक्षा खतरों को रोकने में आम जनता की जागरूकता और सतर्कता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जागरूक रहें और सुरक्षित रहें।