POCSO मामलों के लिए एक ही छत के नीचे मिलेगी मदद, सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को सीएम ने लोक नायक अस्पताल स्थित 'सखी वन स्टॉप सेंटर' का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर में मिलने वाली सुविधाओं और शिकायत प्रणाली की बारीकी से जांच की और भरोसा दिलाया कि संकट की घड़ी में यहां आने वाली हर महिला को पूरा सहयोग और कंफर्ट मिलेगा।
पीड़ितों को मिलेगा कानूनी और मानसिक सहारा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अब सभी मामलों की एक विस्तृत मासिक रिपोर्ट सीधे सीएम ऑफिस को सौंपी जाए। इस रिपोर्ट में केस की वर्तमान स्थिति, दर्ज की गई एफआईआर, पीड़ितों को दी गई सहायता और आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का पूरा ब्यौरा होना चाहिए।
खास तौर पर लड़कियों से जुड़े POCSO मामलों पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि इन केसों की गोपनीयता पूरी तरह बरकरार रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एफआईआर, गिरफ्तारी और कोर्ट की कार्यवाही की नियमित निगरानी की जाए ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और केस प्रभावित न हो। सीएम ने यह भी साफ किया कि अगर न्याय दिलाने की प्रक्रिया में अधिकारियों को कोई समस्या आती है, तो वे तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क करें ताकि मामले का जल्द समाधान हो सके।
बता दें कि सखी वन स्टॉप सेंटर एक ऐसी जगह है जहां हिंसा प्रभावित महिलाओं और लड़कियों को एक ही छत के नीचे मेडिकल सहायता, काउंसलिंग, कानूनी मदद, एफआईआर दर्ज कराने में सहायता और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं मिलती हैं। आपात स्थिति में महिलाएं टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 181 के जरिए इन सेवाओं का लाभ उठा सकती हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सेंटर के शेल्टर और काउंसलिंग सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां आने वाली महिलाओं को उनकी जरूरत के हिसाब से तुरंत मदद मिले। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई, भोजन, कपड़ों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ एक सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करने की बात कही।