दिल्ली के पंत मार्ग पर भीषण हिट एंड रन, कार की टक्कर से युवक की टांग टूटी
दिल्ली के पंत मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल। पुलिस तलाश कर रही है आरोपी ड्राइवर।

देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके पंत मार्ग पर एक दर्दनाक दिल्ली हिट एंड रन हादसा सामने आया है। गुरुवार दोपहर करीब 3:15 बजे एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी टांग टूट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सीधे फुटपाथ पर जा घुसी।
घायल युवक की पहचान 29 वर्षीय बलराम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार चालक ने घायल की मदद करने के बजाय मौके से फरार होना बेहतर समझा और तेजी से गाड़ी भगा ले गया। गंभीर हालत में बलराम को तुरंत राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही नॉर्थ एवेन्यू पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि टक्कर के समय कार और मोटरसाइकिल दोनों ही बहुत तेज रफ्तार में थे, जिसकी वजह से हादसा इतना भीषण रहा।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। फरार ड्राइवर की पहचान करने के लिए पुलिस अब गोल डाक खाना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज की मदद से कार का रजिस्ट्रेशन नंबर पता चल जाएगा और जल्द ही आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।