दिल्ली में अक्टूबर की बढ़ी ठंड, तीन साल में सबसे कम रहा न्यूनतम तापमान
दिल्ली में अक्टूबर के महीने में तीन साल का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। जानें मौसम और AQI का हाल।

राजधानी दिल्ली में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है और इस बार अक्टूबर के महीने में तापमान में काफी गिरावट देखी गई है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान पिछले तीन वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है, जिससे शहर के लोगों को समय से पहले ही ठंड का अहसास होने लगा है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर के दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालिया रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो अयानगर में तापमान 15.7 डिग्री, लोधी रोड पर 16 डिग्री, पालम में 16.3 डिग्री और द रिज़ इलाके में 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार, 26 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य औसत से 0.2 डिग्री कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को तापमान 17 से 19.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
तापमान के साथ वायु गुणवत्ता की चुनौती
एक तरफ जहां मौसम सुहावना हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली की हवा की गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 168 दर्ज किया गया, जिसे 'मध्यम' श्रेणी में रखा गया है। हालांकि, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों में यह उतार-चढ़ाव के साथ 174 और 176 तक भी पहुंचा है।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, हवा की गति 10 किमी प्रति घंटे से कम होने और वेंटिलेशन की कमी के कारण प्रदूषक तत्व हवा में ही जमा हो रहे हैं, जिससे प्रदूषण कम नहीं हो पा रहा है।
प्रदूषण के मुख्य कारणों का विश्लेषण करने पर पता चला है कि सबसे ज्यादा योगदान ट्रांसपोर्ट उत्सर्जन (23.8%) का है। इसके बाद आवासीय स्रोतों की हिस्सेदारी 6%, औद्योगिक गतिविधियों की 4.9% और पराली जलाने का प्रभाव 4.6% रहा है।