दिवाली से पहले दिल्ली चमकाएंगी सीएम रेखा गुप्ता, बाजारों और कॉलोनियों में होगी नाइट क्लीनिंग

दीपावली और आने वाले त्योहारों से पहले दिल्ली को पूरी तरह स्वच्छ बनाने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को दिल्ली सचिवालय में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में सीएम ने साफ तौर पर कहा कि शहर की सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि अब राजधानी के प्रमुख बाजारों और रिहायशी कॉलोनियों में दिल्ली नाइट क्लीनिंग ड्राइव चलाई जाएगी ताकि लोगों को त्योहारों के दौरान स्वच्छता और बेहतर माहौल मिल सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों से कचरा जमा होने की शिकायतों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने नगर निगम को आदेश दिया कि कूड़े के ढेरों को तुरंत हटाया जाए और सफाई का एक नियमित शेड्यूल लागू किया जाए। सीएम ने मेयर और नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि वे इस अभियान में तेजी लाएं और जरूरत पड़ने पर नाइट शिफ्ट के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की भर्ती करें।
अधिकारियों को फील्ड में उतरने और तकनीक अपनाने की सलाह
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे केवल कागजी रिपोर्टों पर भरोसा न करें, बल्कि खुद जमीन पर उतरकर निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में मौजूद नहीं होंगे, तब तक ठोस परिणाम नहीं मिलेंगे। इसके साथ ही, उन्होंने निगरानी को मजबूत करने के लिए नई तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया।
शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने भी इन निर्देशों का समर्थन करते हुए कहा कि कचरा डंपिंग पॉइंट्स को खत्म करने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सफाई अभियान में किसी भी स्तर पर कोताही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि सड़कों, फ्लाईओवर, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों से निर्माण सामग्री का मलबा, धूल और कचरा तुरंत साफ किया जाए। इस पूरी योजना का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कचरा उठान और सफाई के बीच बेहतर तालमेल रहे ताकि सड़कों पर दोबारा गंदगी जमा न हो। इस महत्वपूर्ण बैठक में शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, मेयर प्रवेश वाही और मुख्य सचिव राजीव वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।