दिल्ली में महंगी हो सकती है शराब, सरकार नई आबकारी नीति की तैयारी में जुटी
दिल्ली सरकार नई आबकारी नीति पर काम कर रही है, जिससे शराब की कीमतों में बढ़ोतरी और प्रीमियम ब्रांड्स की उपलब्धता बढ़ सकती है।

अगर आप दिल्ली में शराब के शौकीन हैं, तो आने वाले समय में आपकी जेब पर बोझ बढ़ सकता है। दिल्ली सरकार एक नई आबकारी नीति (Delhi New Excise Policy) तैयार कर रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य के राजस्व में बढ़ोतरी करना और अवैध शराब की बिक्री पर लगाम लगाना है। वर्तमान नीति मार्च 2027 में समाप्त होने वाली है, लेकिन सरकार अभी से नई व्यवस्था की रूपरेखा तैयार कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, साल 2014 के बाद से आबकारी शुल्क की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और शराब के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) में भी पिछले चार सालों से कोई संशोधन नहीं हुआ है। ऐसे में नई नीति के लागू होने के साथ ही शराब की कीमतों में उछाल आने की पूरी संभावना है, क्योंकि सरकार अब एक्साइज ड्यूटी और रिटेलर मार्जिन की समीक्षा कर रही है।
रिटेल मार्केट में होगा बड़ा बदलाव
नई नीति के तहत शराब की बिक्री के तरीके में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रस्ताव है कि शराब की दुकानों का संचालन पूरी तरह से सरकारी निगमों के हाथ में होगा और इसमें निजी संस्थाओं को शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही, सप्लाई चेन और बिक्री की निगरानी के लिए डिजिटल सिस्टम लागू किया जाएगा ताकि टैक्स चोरी को पूरी तरह रोका जा सके।
सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, सरकार अब शराब की दुकानों को घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों से दूर स्थानांतरित करने पर भी विचार कर रही है। इस पूरी प्रक्रिया की कमान एक उच्च स्तरीय समिति के पास है, जिसकी अध्यक्षता PWD मंत्री प्रवेश वर्मा कर रहे हैं। इस समिति ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है और अब आम जनता से भी सुझाव मांगे जा रहे हैं।
इस नीति को अंतिम रूप देने में उद्योग मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा और गृह मंत्री आशीष सूद के साथ आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। हालांकि, इस नई नीति के पूरी तरह लागू होने के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी मिलना अनिवार्य होगा।