सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू कीं, हापुड़ के लिए लॉन्च की अंतरराज्यीय सेवा

सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू कीं और आनंद विहार से हापुड़ के लिए नई अंतरराज्यीय सेवा का शुभारंभ किया।

Kittu Kumari20 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू कीं, हापुड़ के लिए लॉन्च की अंतरराज्यीय सेवा

दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को और अधिक आधुनिक और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ISBT कश्मीरी गेट से 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने आनंद विहार ISBT से हापुड़ के बीच एक नई अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा की भी शुरुआत की, जिससे एनसीआर के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि दिल्ली की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था केवल शहर की सीमाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग काम, व्यापार और पढ़ाई के लिए पड़ोसी राज्यों और एनसीआर से रोजाना दिल्ली आते हैं। सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी बढ़ने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटेगा और प्रदूषण पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का रखा गया खास ख्याल

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

नई बसों के बेड़े में 9 मीटर लंबी 50 बसें और 12 मीटर लंबी 50 बसें शामिल हैं। ये सभी एयर-कंडीशंड और लो-फ्लोर बसें हैं, जिन्हें यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों, पैनिक बटन और रियल-टाइम ट्रैकिंग सिस्टम से लैस किया गया है। साथ ही, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इन नई बसों के आने से दिल्ली के कुल बस बेड़े की संख्या बढ़कर 7,088 हो गई है, जिसमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं।

आनंद विहार से हापुड़ के रूट के लिए सरकार ने 12 इलेक्ट्रिक बसें तैनात की हैं, जो दिल्ली, गाजियाबाद, पिलखुआ और हापुड़ के यात्रियों के लिए रोजाना चलेंगी। ये बसें दोनों दिशाओं में हर 20 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। इस रूट का किराया 124 रुपये तय किया गया है। यह बस सेवा गड़होली यूपी बॉर्डर, मोहन नगर, गाजियाबाद बस स्टैंड, हापुड़ चुंगी, IMS कॉलेज (दासना) और पिलखुआ जैसे प्रमुख इलाकों को कवर करेगी।

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली के पब्लिक ट्रांसपोर्ट को सुरक्षित और इको-फ्रेंडली बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन 100 बसों के जुड़ने के बाद दिल्ली अब देश के सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बस बेड़े वाला शहर बन गया है। सरकार का लक्ष्य है कि 2028-29 तक बसों की कुल संख्या को बढ़ाकर लगभग 14,000 किया जाए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली से पानीपत और करनाल के लिए भी अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं।

Share:

Comments

Leave a comment