दिल्ली में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू, आनंद विहार से हापुड़ के बीच चलेगी ई-बस सेवा

सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाईं और आनंद विहार से हापुड़ के बीच इंटरस्टेट ई-बस सेवा की शुरुआत की।

Kittu Kumari20 November 20262 min read0 viewsDelhi Local
दिल्ली में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू, आनंद विहार से हापुड़ के बीच चलेगी ई-बस सेवा

दिल्ली की सड़कों पर अब सफर और भी आसान और प्रदूषण मुक्त होने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राजधानी के परिवहन ढांचे को मजबूत करते हुए 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही उन्होंने आनंद विहार आईएसबीटी से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच एक नई इंटरस्टेट इलेक्ट्रिक बस सेवा का भी शुभारंभ किया है, जिससे एनसीआर के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को केवल शहर की सीमाओं तक सीमित नहीं देखा जा सकता। हर दिन बड़ी संख्या में लोग एनसीआर और पड़ोसी राज्यों से काम, पढ़ाई और व्यापार के लिए दिल्ली आते हैं। सरकार का लक्ष्य बस कनेक्टिविटी को इतना मजबूत करना है कि लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर न रहना पड़े। इससे न केवल सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।

हापुड़ रूट और बसों की खासियतें

DelhiBreakings की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

आनंद विहार और हापुड़ के बीच शुरू हुई इस नई सेवा में कुल 12 पूरी तरह से इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। ये बसें दिल्ली, गाजियाबाद, पिलखुआ और हापुड़ के बीच नियमित रूप से चलेंगी और हर 20 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। इस रूट का किराया 124 रुपये तय किया गया है। ये बसें गरोली बॉर्डर, डाबूर, मोहन नगर, गाजियाबाद बस स्टैंड, हापुड़ चुंगी, IMS कॉलेज (दासना) और पिलखुआ जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।

वहीं, नई शामिल की गई 100 इलेक्ट्रिक बसों में 50 बसें 9 मीटर और 50 बसें 12 मीटर की लंबाई वाली हैं। ये सभी बसें जीरो-इमिशन, लो-फ्लोर और पूरी तरह एयर-कंडीशन्ड हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए इनमें सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, रियल-टाइम ट्रैकिंग और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं दी गई हैं।

इन नई बसों के आने से दिल्ली का कुल बस बेड़ा बढ़कर 7,088 हो गया है, जिसमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ ही दिल्ली देश में सबसे बड़े इलेक्ट्रिक बस बेड़े वाला शहर बना हुआ है। इस कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह और परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment