दिल्ली में लगेंगे 50,000 नए CCTV कैमरे, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट्स से होगी निगरानी: सीएम रेखा गुप्ता

राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बड़ा प्लान तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने शहर भर में 50,000 नए सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही अब दिल्ली की सड़कों पर स्मार्ट स्ट्रीट लाइट्स भी नजर आएंगी, जिनमें ऑटोमैटिक फॉल्ट डिटेक्शन की सुविधा होगी। यानी अगर कोई लाइट खराब होती है, तो सिस्टम खुद ही इसकी पहचान कर लेगा ताकि मरम्मत में देरी न हो।
यह महत्वपूर्ण घोषणा दिल्ली यूनिवर्सिटी के कॉलेजों के निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों के साथ हुई एक बातचीत के दौरान की गई। छात्रों ने शहर में सीसीटीवी कैमरों की कमी और स्ट्रीट लाइटिंग की समस्याओं को लेकर अपनी चिंताएं जताई थीं, जिस पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया।
मेंटेनेंस के लिए AMC का सहारा, सिस्टम से होगी मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि केवल कैमरे लगाना काफी नहीं है, बल्कि उनका चालू रहना जरूरी है। इसके लिए सभी नए कैमरों को एनुअल मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट (AMC) के दायरे में रखा जाएगा, ताकि नियमित सर्विसिंग हो सके और तकनीकी खराबी के कारण कैमरे बंद न रहें।
वहीं, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट्स के बारे में उन्होंने बताया कि इन्हें एक 'इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम' से जोड़ा जाएगा। जैसे ही कोई लाइट खराब होगी, सिस्टम तुरंत अलर्ट देगा और एएमसी समझौते के तहत ठेकेदारों की यह जिम्मेदारी होगी कि वे जल्द से जल्द उसे ठीक करें। इस पूरी योजना का मकसद दिल्ली की सड़कों पर निगरानी बढ़ाना और मरम्मत कार्य में लगने वाले समय को कम करना है।
इसी बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे जनहित के बजाय अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीति चमकाने के लिए सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है, जिससे आम जनता, पत्रकारों और पुलिसकर्मियों को परेशानी हो रही है।