दिल्ली-NCR में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नोएडा और गुरुग्राम में लगा लंबा ट्रैफिक जाम

दिल्ली-NCR में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। शनिवार को दिल्ली समेत नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश के बाद कई सड़कें जलमग्न हो गईं। जलभराव की वजह से कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लगा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली के इन इलाकों में भरा पानी और हुआ नुकसान
दिल्ली के ओखला क्रॉसिंग, लाल किले के पीछे दिल्ली-करनाल रोड, वसंत कुंज और किराड़ी समेत कई इलाकों में पानी भर गया। देवली गांव में भारी बारिश के चलते पार्किंग की दीवार गिरने से आठ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
नोएडा और गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम की स्थिति
नोएडा में सेक्टर-18 अंडरपास से फिल्म सिटी फ्लाईओवर की ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला। वहीं गुरुग्राम के सोहना रोड, भिवानी और झज्जर में भी जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं।