दिल्ली-NCR में प्रदूषण बढ़ा, CAQM ने लागू किया GRAP स्टेज 1
दिल्ली-NCR की हवा में प्रदूषण बढ़ा, CAQM ने GRAP स्टेज 1 लागू किया। जानें आपके इलाके का AQI क्या है।

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में एक बार फिर हवा की गुणवत्ता बिगड़ने लगी है। हवा में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने तत्काल प्रभाव से पूरे दिल्ली-NCR में दिल्ली NCR GRAP स्टेज 1 लागू कर दिया है। यह कदम तब उठाया गया जब शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 'खराब' श्रेणी में पहुंच गया।
गुरुवार सुबह तक दिल्ली की हवा की स्थिति चिंताजनक बनी रही। सरकारी डैशबोर्ड के मुताबिक सुबह 10:31 बजे AQI 299 दर्ज किया गया, जबकि निजी प्लेटफॉर्म IQAir ने इसे 242 बताया। शहर के अलग-अलग इलाकों की बात करें तो पटपड़गंज में AQI 298, ITO पर 280 और डिफेंस कॉलोनी में 261 रहा। वहीं अक्षरधाम और आनंद विहार जैसे इलाकों में यह 237 के आसपास दर्ज किया गया।
दशहरा उत्सव के बाद बढ़ा प्रदूषण का ग्राफ
हवा में यह गिरावट अचानक आई है। मंगलवार दोपहर को AQI 179 (मध्यम श्रेणी) था, जो बुधवार दोपहर 2 बजे तक तेजी से बढ़कर 244 हो गया। माना जा रहा है कि दशहरे के जश्न के बाद रात भर छाई धुंध और प्रदूषण के कारण हवा की क्वालिटी गिरी है। बुधवार सुबह जहांगीरपुरी में AQI 309 और चांदनी चौक में 307 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।
CAQM की उप-समिति ने स्थिति की समीक्षा करने के बाद यह फैसला लिया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि मौसम विभाग (IMD) और IITM के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी AQI 'खराब' श्रेणी में रहने की संभावना है। इसलिए सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे GRAP स्टेज 1 के तहत तय उपायों को सख्ती से लागू करें और निगरानी रखें।
प्रदूषण की यह मार सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई है, जहां लालबाग इलाके में AQI 223 दर्ज किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लखनऊ नगर निगम ने शहर की मुख्य सड़कों पर पानी का छिड़काव शुरू कर दिया है।
जानकारी के लिए बता दें कि CPCB के नियमों के अनुसार 201 से 300 के बीच का AQI 'खराब' (Poor) माना जाता है, जबकि 301 से 400 के बीच की गुणवत्ता 'बहुत खराब' (Very Poor) श्रेणी में आती है।