दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर: GRAP-1 लागू, मेट्रो की अतिरिक्त ट्रेनें चलेंगी

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा की क्वालिटी तेजी से बिगड़ रही है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने अब दिल्ली GRAP-1 लागू कर दिया है। यह कदम तब उठाया गया जब एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 'खराब' श्रेणी में पहुंच गया। 21 अक्टूबर 2026 को औसत AQI 244 दर्ज किया गया, जो बाद में बढ़कर 245 हो गया। गौरतलब है कि पिछले 100 दिनों में दिल्ली में प्रदूषण का यह सबसे उच्चतम स्तर है।
प्रदूषण से निपटने और लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन के लिए प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने एक बड़ा फैसला लिया है। 22 अक्टूबर 2026 से कामकाजी दिनों (working days) में मेट्रो की 20 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी, ताकि यात्रियों को सुविधा हो और सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम हो सके।
प्रदूषण रोकने के लिए सख्त नियम और मौसम का हाल
GRAP-1 के लागू होने के साथ ही अब कई कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं। प्रशासन ने खुले में कचरा जलाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। इसके अलावा, निर्माण स्थलों पर एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया गया है और 500 वर्ग मीटर से बड़े निर्माण कार्यों की कड़ी निगरानी की जाएगी। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधि की शिकायत 311, SAMEER या ग्रीन दिल्ली ऐप के जरिए करें।
मौसम की बात करें तो भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले तीन दिनों तक आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है, जिसका मतलब है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि देश के अन्य हिस्सों में बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण भारी बारिश का अलर्ट है, लेकिन दिल्ली में राहत नहीं मिलने वाली है। बदलते मौसम के कारण अब सुबह और शाम के समय हल्की गुलाबी ठंड का अहसास भी होने लगा है।